जुमे की नमाज को लेकर एक बार फिर अलर्ट पर प्रशासन
मुजफ्फरनगर। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर 20 दिसंबर के बवाल को झेल चुका पुलिस-प्रशासन एक बार फिर जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट मोड पर है। एक सप्ताह पूर्व हुए बवाल के दृष्टिगत इस बार पुख्ता सुरक्षा व्यवस्थाएं की जा चुकीं हैं। डीएम-एसएसपी खुद शहर में घूमकर सुरक्षा की कमान संभालेंगे, जबकि जोन व सेक्टर के साथ ही संवेदनशील प्वाइंट्स पर सीओ व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही पीएसी व रैपिड एक्शन फोर्स के जवान सुरक्षा की कमान संभालेंगे। एक सप्ताह पूर्व की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस लाइन में रिजर्व फोर्स को असलहों के साथ बैकअप के तौर पर रखा गया हैै, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर रिजर्व फोर्स को भी क्षेत्र में उतारा जा सके। इसके साथ ही एक सप्ताह पूर्व तोड़े गए सीसीटीवी को भी दुरुस्त कर लिया गया है। एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि यह शहर आपका है और इसे सुरक्षित रखना भी आप ही की जिम्मेदारी है। यदि किसी चीज को लेकर विरोध है तो शांतिपूर्ण तरीके से डीएम या एसएसपी के साथ ही सक्षम अधिकारी से मिलना चाहिए। किसी भी विरोध को जुमे की नमाज या किसी भी धार्मिक गतिविधि के साथ जोड़ना गलत है, जिससे परहेज किया जाना जरूरी है। जुमे की नमाज के बाद किसी तरह के विरोध प्रदर्शन की कोई सूचना नहीं है, जिसके लिए एक वर्ग के धर्मगुरुओं के साथ ही उनके समाज के जिम्मेदार लोग भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। इसके बाद भी जुमे की नमाज को लेकर तमाम सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं और किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ये रहेगी जिले की सुरक्षा व्यवस्था
- जनपद में चार सुपर जोन, आठ जोन व 67 सेक्टर गठित किए गए हैं।
- सभी क्षेत्रों में सीओ व सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटियां लगाईं गईं हैं।
- शहर क्षेत्र में सीओ सिटी दीक्षा शर्मा और सीओ मंडी हरीश सिंह भदौरिया पर सुरक्षा की कमान रहेगी।
- देहात क्षेत्र के सभी सीओ और थानेदार अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट पर रहेंगे।
- इस बार चार कंपनी पीएसी के साथ ही दो कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को भी ड्यूटी पर लगाया।
संवेदनशील स्थल
- शहर में संवेदनशील स्थलों के रूप में मदीना चौक, सरवट तिराहा, कच्ची सड़क, जिला अस्पताल चौराहा, मीनाक्षी चौक, सुजड़ू चुंगी व फक्करशाह चौक को चिह्नित किया गया है।
- पुलिस कंट्रोल रूम के सभी 83 सीसीटीवी को सक्रिय कर दिया गया है। इनके साथ ही नगरपालिका के सीसीटीवी कैमरों को भी सक्रिय कर दिया गया है।
शहर में ड्रोन कैमरों का लिया जा सकता है सहारा
- जिलेभर में शिक्षण संस्थाएं एक जनवरी तक बंद है।
- एक सप्ताह से इंटरनेट सेवा है बाधित