मेरठ पुलिस को सम्मानित करेंगे व्यापारी
जानसठ। कस्बे में एक सप्ताह पूर्व ज्वेलरी शॉप में सराफ से हुई लाखों की लूट का मेरठ पुलिस द्वारा खुलासा कर बदमाशों को जेल भेजने का व्यापारियों ने स्वागत किया है। नगर पंचायत चेयरमैन व व्यापारियों ने कहा कि लूट का सही खुलासा करने पर पुलिस को सम्मानित किया जाएगा।
मोहल्ला हुसैनपुरा में स्थित खुशी नाम की ज्वेलरी शॉप में गांव खलवाड़ा निवासी सराफ बबलू सैनी के नौकर व एक ग्राहक को बंधक बनाकर हथियारबंद चार बदमाशों द्वारा लाखों की लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस द्वारा मेरठ में अपर पुलिस महानिदेशक जोन मेरठ द्वारा सोमवार को जानसठ की इस घटना का खुलासा किया गया। पुलिस द्वारा बदमाशों को गिरफ्तार करके लूटा गया सोने व चांदी का सामान बरामद करने को लेकर व्यापारियों ने स्वागत किया है। नगर पंचायत चेयरमैन प्रवेंद्र भड़ाना व व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि सराफ से लूट करते समय हथियारबंद बदमाशों ने कस्बे में दहशत फैला दी थी, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ था। मेरठ पुलिस द्वारा बदमाशों को पकड़ कर जेल भेजने पर व्यापारियों में दहशत कम हुई है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने व्यापारियों को साथ में लेकर पुलिस को मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय पर कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित करने की घोषणा की है।