करोड़ों का बजट, शहर में फिर भी बदहाल पार्क
मुजफ्फरनगर। शहर में पार्कों की हालत बद से बदतर है। नगर पालिका के सात में से पांच पार्कों की स्थिति काफी दयनीय है। इनपार्कों के सुंदरीकरण के लिए करीब पौने तीन करोड़ रुपये का बजट जारी हो चुका है। इसके बावजूद भी विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण पार्कों का सुंदरीकरण नहीं हो सका है।
तमाम बीमारियों से बचने के लिए चिकित्सक सभी को सुबह शाम को घूमने की सलाह देते हैं, ताकि स्वस्थ रह सकें। शहर में घूमने के लिए पार्क होने चाहिए, जिससे लोगों को ताजी ऑक्सीजन युक्त हवा मिल सके। शहर में नगर पालिका के सात पार्क हैं, जिनसे से गांधी कॉलोनी का गांधी वाटिका पार्क, सद्भावना पार्क का ही सुंदरीकरण हुआ है। बाकी कमला नेहरू वाटिका का पार्क, पटेलनगर पार्क, द्वारिकापुरी शिवपुरी पार्क, अंबा विहार पार्क और झांसी रानी पार्क का सुंदरीकरण नहीं हो सका है।
कमला नेहरू पार्क में जरूर नागरिक घूमने जाते हैं, बाकी अन्य पार्को में घूमने लायक व्यवस्था नहीं है। इसी कारण सुबह शाम शहर में नागरिक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, सड़कों के अलावा गांधी कालोनी ओवरब्रिज, भोपा रोड रेलवे ओवरब्रिज पर घूमते मिलेगे। पालिका की ओर से सभी सात पार्कों के सुंदरीकरण, झूले आदि के लिए दो करोड़ 71 लाख 80 हजार का बजट पारित कर रखा है। इस बजट से पार्कों के गेट, दीवार, रंग रोगन, रैलिंग, झूले, पैदल पथ आदि का निर्माण होना है। इसके बावजूद पांच पार्कों की हालत बदहाल है।
झांसी रानी पार्क सबसे बदहाल
मुजफ्फरनगर। शहर की शान झांसी रानी पार्क सबसे बदहाल है। पार्क पर अतिक्रमण हुआ है। दीवार टूटी है। फव्वारा कई सालों से बंद है। यहां तक की टाईल्स भी नहीं लगी है। लोगों ने पार्क को पार्किंग स्थल बना लिया है। नगर पालिका के सामने यह पार्क है, फिर भी इस ओर कोई ध्यान नहीं है। पहले यहां नागरिक सुबह शाम घूमने आते थे। अब गंदगी के अंबार लगे हैं।
द्वारिकापुरी पार्क पर ताला लगा
मुजफ्फरनगर। शहर की पॉश कॉलोनी द्वारिकापुरी शिवपुरी में बने पार्क पर कई सालों से ताला लगा है। यहां के निवासियों को इनका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। पार्क में अंदर घनी घास उगी है। पैदल पथ भी वर्ष 2002 में बनाया था। बीते 19 साल से दोबारा यह पथ नहीं बन सका।
पार्क ----------------बजट (लाख में)
कमला नेहरू वाटिका ---102
गांधी वाटिका----------66.30
पटेलनगर ------------15.80
सद्भावना पार्क---------13.10
द्वारिकापुरी-------------21.00
अंबा विहार-------------41.20
झांसी रानी पार्क------------12.10
जल्द होगा सुंदरीकरण
शहर के सात में से दो पार्कों का सुंदरीकरण हो चुका है। बाकी पांच का सुंदरीकरण जल्द कराया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है।
- अंजू अग्रवाल
चेयरपर्सन
मुजफ्फरनगर के द्वारिका पुरी में रख रखाव के अभाव में पार्क में जमी घास।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर में झांसी रानी पार्क बदहाल हालात में ।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
झांसी रानी पार्क में टूटा पैदल पथ व बदहाल पार्क।- फोटो : MUZAFFARNAGAR