खतौली। खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति पर उसके गोद दिए बेटे ने हमला बोल दिया। पिता को बचाने पहुंचे छोटे बेटे पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया गया। एसएसपी के आदेश पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला तगान निवासी राजकुमार त्यागी ने बताया कि उसके बड़े बेटे विशाल कुमार को बचपन में ही उसके बड़े भाई ब्रजमोहन त्यागी ने गोद ले लिया था। आरोप लगाया कि अब विशाल उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा करना चाहता है। 15 नवंबर को करीब साढे़ ग्यारह बजे विशाल अपने चार पांच अज्ञात व्यक्तियों के साथ आया और पीड़ित के खेत को जोतना शुरू कर दिया। विशाल को जब ऐसा करने से रोका गया तो उसने पीड़ित राजकुमार त्यागी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
शोरशराबा होने पर छोटा बेटा विवेक अपने पिता राजकुमार को बचाने पहुंचा, तो आरोपियों ने उस पर ट्रैक्टर चढ़ाते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। एसएसपी ने मामले को संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने विशाल सहित चार पांच अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।