शरारती तत्वों ने भट्ठियां तोड़ी, खोखे में भी तोड़फोड़ की
ककरौली (मुजफ्फरनगर)। गांव बेहड़ा सादात में रविवार रात शरारती तत्वों ने गांव का माहौल खराब करने की कोशिश की। कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की, जबकि मूंगफली बेचने वाले की भट्ठी तोड़ दी गई। इसको लेकर दुकानदारों में रोष व्याप्त है। पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को सूचना देकर शरारती तत्वों को पकड़ने की मांग की है।
ककरौली के गांव बेहड़ा सादात के बस स्टैंड पर शान मोहम्मद, शहजाद, खलील, नवाबुददीन मूंगफली बेचते हैं। बस स्टैंड पर ही पुजारी चमन पंडित का पुत्र बिरनाम भी मूंगफली बेचता है। इन दुकानदारों ने मूंगफली भूनने की भट्ठियां भी बना रखीं थी। रविवार रात शरारती तत्वों ने दुकानदारों की भट्ठियों को तोड़ दिया। इनके अलावा दूसरे वर्ग के दुकानदार चोनी के पान के खोखे में भी तोड़फोड़ की गई। सोमवार सुबह दुकानदारों को इसका पता चला तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। दुकानदारों का कहना था कि यह हरकत शरारती तत्वों की है। पीड़ित दुकानदारों ने शरारती तत्वों को पकड़ने की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।