सिखेड़ा (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर पटरी मार्ग से आती बोलेरो को बचाने के प्रयास में चालक रोडवेज बस पर नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू होकर पुल की सीमेंटेड रेलिंग तोड़ती हुई गंगनहर में लटक गई। हादसे से रोडवेज बस में सवार करीब 40 मुसाफिरों की जान सांसत में आ गईं, जिन्हें राहगीरों की मदद से पुलिस ने बचाया। हादसे में बोलेरो सवार लोगों के साथ ही बस सवार कई यात्री भी घायल हुए। दोनों वाहनों की चपेट में आने से एक बाइक सवार भी घायल हो गया। सभी घायलों को पीएचसी ले जाकर उन्हें उपचार दिलाया गया।
बिजनौर डिपो की यह बस रविवार सुबह करीब छह बजे मुरादाबाद से मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुई थी। बिजनौर से यह बस करीब 40 यात्रियों को लेकर सुबह 8.40 बजे मुजफ्फरनगर के लिए निकली थी। बस को बिजनौर के नंगली पथवारी के गांव अब्दुल्लापुर निवासी महेश चला रहा था और उस पर मुरादाबाद के नंगला अगवान के गोपालपुर निवासी रुस्तम अली बतौर परिचालक था।
जैसे ही यह बस पानीपत-खटीमा मार्ग पर सिखेड़ा से पहले गंगनहर पुल पर पहुंची, अचानक गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर मंगलौर से मेरठ की तरफ जा रही बोलेरो बेहद तेज रफ्तार से रोडवेज बस के सामने आ गई। बस चालक महेश ने बोलेरो को बचाने के लिए बस काटी, वह गंगनहर पुल पर एक साइड में आ गई। उधर, बोलेरो चालक ब्रह्मपुर जट निवासी मुकुल भी अचानक बस को सामने देख बदहवास हो गया, जिससे बोलेरो की जबरदस्त टक्कर बस के पिछले हिस्से से हुई। बोलेरो की टक्कर लगते ही पहले से बेकाबू बस अनियंत्रित होकर पुल की साइड में बनी सीमेंटेड रेलिंग को तोड़ते हुए गंगनहर की ओर लटक गई।
बस व बोलेरो की इस भिड़ंत में बस के आगे चल रहा बाइक सवार भी चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गया। भयावह हादसा होते हुए बोलेरो व बस में सवार लोगों की सांसें अटक गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से गंगनहर में लटकी रोडवेज बस से मुसाफिरों को काफी एहतियात के साथ बामुश्किल बाहर निकाला। इसके बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो से भी सभी घायलों को निकाला गया। सभी घायलों को पुलिस ने पीएचसी भेजकर उपचार दिलाया। इसके बाद सभी लोगों को दूसरे वाहनों की व्यवस्था कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं, घायल बाइक सवार की शनाख्त नहीं हो सकी है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
रस्म तेरहवीं में बागपत के टटीरी जा रहे थे मंगलौर के लोग
सिखेड़ा। गंगनहर पर हादसे का शिकार हुई बोलेरो में उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के मंगलौर निवासी नौ लोग सवार थे। उक्त सभी लोग मंगलौर से बागपत के कस्बा टटीरी जा रहे थे, लेकिन बीच सफर में यह हादसा हो गया।
ये लोग हुए हादसे में घायल
सिखेड़ा। गंगनहर पुल पर हुए हादसे में बोलेरो व रोडवेज बस में सवार दस से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पीएचसी भेजकर उपचार दिलाया गया। घायलों में बोलेरो चालक मुकुल के साथ ही तीरथ सिंह, ओमवीरी, सोनम, रितिक, प्रेम कुमार, सरला, सरिता, राजेंद्र समेत अन्य लोग शामिल हैं।