संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवेश दत्त भारद्वाज ने कहा कि 24 सितंबर को हरिद्वार में होने वाले ब्राह्मण महाकुंभ में समाज अपनी ताकत का एहसास कराएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी व्यक्ति या संगठन का नहीं है, इसमें समस्त संगठन के लोग शामिल होंगे। इसमें शासन को भेजी गई 11 सूत्रीय मांगों को उठाया जाएगा।
सरकुलर रोड स्थित रघु विहार कॉलोनी में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवेश दत्त भारद्वाज ने बताया कि हरिद्वार के भीमगोड़ा स्थित पंतदीप मैदान पर 24 सितंबर को ब्राह्मण समाज एकत्र होगा। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक लोग सनातन धर्म पर लगातार हमला बोल रहे हैं। वह अपमानजनक टिप्पणी कर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने सरकार पर भी ब्राह्मण समाज को प्राथमिकता न देने की बात कही। हरिद्वार में ब्राह्मण समाज सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराएगी, अगर उनकी 11 सूत्रीय मांगों पर अमल नहीं किया जाता है तो 2024 में इसका खामियाजा झेलना पड़ेगा।
आयोजक पंडित विशाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन को पत्र भेजा है। विभिन्न मांगों में भगवान परशुराम के जन्म दिवस के मौके पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित कराना भी शामिल है। इस मौके पर प्रहलाद कोशिक, सुरेंद्र शर्मा, नितिन शर्मा, सुबोध शर्मा, विशाल शर्मा, शैलेंद्र गौतम, ध्यान चंद कोशिक, टीटू शर्मा, आभा शर्मा, निशा, मंजू, अमित शर्मा, सतीश कोशिक, योगेश शर्मा मौजूद रहे।