मुजफ्फरनगर से होकर गुजरती कांवड़ियों की टोली।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-देहरादून हाईवे हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों के जयघोष से गूंजने लगा है। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ ही शहर का कांवड़ मार्ग पूरी तरह पुलिस के हवाले हो गया है। श्रावण माह में हरिद्वार से गंगाजल लाने वाले कांवड़ियों की संख्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ रही है।
रविवार को राजमार्ग बम-बम के जयघोष से गुंजायमान रहा। हर-हर, बम-बम के जयघोष के साथ कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। नगर में कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों की संख्या बढ़ने से पूरा कांवड़ मार्ग पुलिस के हवाले हो गया है। शहर के समस्त चौराहों पर पुलिस बल के साथ अधिकारी भी ड्यूटी पर तैनात हो गए हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
इसके साथ शहर की जनता को भी आवागमन में अधिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। शहर में पूरे कांवड़ मार्ग पर डिवाइडर लगा दिए गए हैं। एक मार्ग को कांवड़ियों और दूसरे को शहर की जनता के लिए खोले रखा गया है। कांवड़ियों की संख्या जैसे और बढ़ेगी धीरे-धीरे शहर के आवागमन के रास्तों को सीमित कर दिया जाएगा। प्रशासन कांवड़ियों की संख्या और स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए हैं।