खतौली। क्षेत्र से लापता तीन लोगों में से एक युवक का शव मंगलवार को भैंसी के जंगल में मिला है। पुलिस अभी भी दो अन्य लापता लोगों की तलाश कर रही है। परिजनों ने उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
गांव भैंसी निवासी अतुल 29 अगस्त से लापता चल रहा था। उसका शव मंगलवार को बरामद किया गया। इसके अलावा, गांव नावला निवासी धनीराम भी 29 अगस्त को सुबह करीब साढ़े दस बजे जानसठ तिराहे से लापता हो गए थे। उनकी पत्नी शिक्षा देवी ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला पक्का बाग निवासी गैस वेंडर पप्पू उर्फ धर्मवीर 18 अगस्त से अचानक लापता हो गया था। उसकी गाड़ी गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर मिली थी। गाड़ी में एलपीजी सिलिंडर भरे हुए थे। पास में ही उसके चप्पल भी मिले थे। पुलिस ने पीएसी के गोताखोरों की मदद से गंगनहर में उसकी तलाश कराई थी। हालांकि, उसका कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराते हुए अनहोनी की आशंका जताई थी। सीओ रुपाली रॉय चौधरी ने बताया कि लापता दोनों लोगों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार लगी हुई हैं।