- थाना प्रभारियों व अधिकारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ दिया धरना
-जनपद में भीड़ तंत्र का नही कानून का राज स्थापित हो: धर्मेन्द्र मलिक
संवाद न्यूज एजेंसी
मुज़फ्फरनगर।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने विभिन्न समस्याओं को लेकर एसएसपी कार्यालय पर धरना दिया। समाधान न होने पर धरने को अनिश्चितकालीन चलाने की घोषणा की गई। राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि थाना प्रभारी व पुलिस अधिकारी सरकारी नंबर नहीं उठाते है। जनपद में भीड़ तंत्र का नही कानून का राज स्थापित हो।
संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता दोपहर में एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। धरने की अध्यक्षता राधेश्याम त्यागी व संचालन सुधीर पंवार ने किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि पिछले कुछ समय से जनपद में किसानों के नलकूपों पर चोरी की घटनाएं बढ़ी है। घरों में चोरी, किसानों के पशु चोरी की घटनाएं भी हो रही है। घटनाओं को रोकने में पुलिस विफल है। पुलिस का जनता के प्रति खराब व्यवहार होने की शिकायतें मिलती रहती है। थाना प्रभारी व पुलिस अधिकारी सरकारी नंबर नहीं उठाते है।
जिलाध्यक्ष अंकित चौधरी ने कहा कि पुलिस की लापरवाही का अपराधी फायदा उठा रहे है। युवा जिलाध्यक्ष अक्षु त्यागी ने कहा कि अपराध नियंत्रण पर प्रभावी कार्यवाही की जाएं।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। इसलिए धरना अनिश्चित कालीन चलेगा। सभी कार्यकर्ता धरने पर रहेंगे।
धरने पर उद्यम सिंह, पिंटू ठाकुर, अवनीश गुज्जर, निशांत,अंकित जावला, बब्बल ठाकुर, शहजाद राव, नीरज मलिक, दुष्यंत , महक सिंह सैनी, उमेश त्यागी,सोनू ,मोहसिन अंसारी,वसीम खान,धर्मेंद्र खोखर, सतेंद्र मलिक,शशिकांत त्यागी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।