शुल्क मांगने से भड़के भाकियू कार्यकर्ता
मुजफ्फरनगर, छपार। हाईवे पर नवनिर्मित टोल प्लाजा पर गाड़ी लेकर पहुंचे भाकियू कार्यकर्ताओं ने टोल शुल्क मांगने पर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर टोल फ्री कराने की चेतावनी देते हुए टोल मैनेजर को शुल्क माफी के लिए छपार क्षेत्र के सात गांवों की सूची सौंपी।
भाकियू के युवा सदर ब्लॉक अध्यक्ष मोनू ठाकुर शुक्रवार दोपहर कार्यकर्ताओं के साथ गाड़ी में रुड़की की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी रोक ली और निर्धारित टोल शुल्क की मांग की। कार्यकर्ताओं ने भाकियू का हवाला दिया, लेकिन कर्मचारी शुल्क वसूली पर अड़ गए। इस पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। मोनू ठाकुर ने टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन कर टोल फ्री कराने की चेतावनी दी।
टोल मैनेजर सुमित धनकड़ मौके पर पहुंचे और वार्ता की। मोनू ने क्षेत्र के सात गांवों की सूची मैनेजर को सौंपकर उनकी गाड़ियों को टोल मुक्त किए जाने की मांग की। मैनेजर ने इस संबंध में डीएम सेल्वा कुमारी जे के साथ वार्ता कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। मौके पर सतेंद्र चौधरी, अरविंद ठाकुर, टिंकू शर्मा, तारिक, गुलशन, परवेंद्र चौधरी और मुशर्रफ त्यागी आदि मौजूद रहे।