मुजफ्फरनगर, मीरापुर। भारतीय स्टेट बैंक मीरापुर के कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ताओं ने बैंक के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। बैंक अधिकारियों ने एक सप्ताह में समस्या के समाधान का भरोसा दिया है।
भाकियू तोमर के जिलाध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने बताया कि भूम्मा निवासी भाकियू तोमर के पदाधिकारी राजेंद्र सिंह का खाता एसबीआई की स्थानीय शाखा में है। किसान का आरोप हैं कि बैंक मैनेजर ने उनकी बिना अनुमति के खाते से 48 हजार रुपये निकाल कर किसी दूसरे खाते में भेज दिए। इस बात की जानकारी लेने किसान बैंक पहुंचे तो संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। आरोप है कि सुरक्षाकर्मी से किसान को बाहर निकलवा दिया। इस पर नाराज भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने बैंक प्रबंधक व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के विरोध में बैंक के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारी किसानों को परेशान करते हैं। जिलाध्यक्ष ने बैंक प्रबंधक के तबादले की मांग की हैं। देर शाम बैंक अधिकारियों ने एक सप्ताह में किसानों की समस्या के समाधान का भरोसा दिया।