मुजफ्फरनगर/भौराकलां। गाजीपुर बॉर्डर पर भाजपा कार्यकर्ताओं से हुए टकराव के बाद बृहस्पतिवार को थाने पर दिए गए धरने के दौरान भौराकलां थाने की बिल्डिंग पर भाकियू का झंडा लगाए जाने पर एसओ जितेंद्र तेवतिया को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, कई अन्य चौकी प्रभारियों में भी फेरबदल किया गया है।
गाजीपुर में किसान आंदोलन में बुधवार को हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुए टकराव के बाद भाकियू ने जनपद के सभी थानों में बृहस्पतिवार को धरना दिया था। भौराकलां थाने पर दिए गए धरने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने की बिल्डिंग पर भाकियू का झंडा लगा दिया था। इसके फोटो बृहस्पतिवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। शुक्रवार को एसएसपी अभिषेक यादव ने भौराकलां एसओ जितेंद्र तेवतिया को इसके लिए जिम्मेदार मानते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह रावत को थाने की कमान सौंपी गई है। क्राइम ब्रांच से इंस्पेक्टर संजय सिंह को शहर कोतवाली में क्राइम इंस्पेक्टर बनाकर भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन से महिला इंस्पेक्टर सीता सिंह को एंटी रोमियो स्क्वॉड का प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही एसएसपी ने जनपद के कई चौकी प्रभारियों में भी फेरबदल किया है।