जिला सहकारी बैंकों में चपरासी के पदों की चल रही नियुक्तियों में धांधली का आरोप लगा कर भाकियू ने कोर्ट स्थित जिला सहकारी बैंक की मुख्य शाखा पर हंगामा किया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बैंक चेयरमैन विनोद मलिक, सचिव तथा एआर कोआपरेटिव प्रदीप कुमार का घेराव कर नियुक्ति निरस्त करने की मांग की।
हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह और सीओ सिटी डॉ. तेजवीर सिंह ने मौके पर पहुंच कर इसकी जांच करवाने का आश्वासन देकर लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। बाद में भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने उन्हें डीएम के नाम शिकायती पत्र सौंपा। उधर, भाकियू के हंगामे के कारण साक्षात्कार की कार्रवाई नहीं हो सकी। बैैंक के बाहर वाहनों के जमावड़े के कारण कई घंटे कोर्ट रोड का यातायात बाधित रहने से जाम की स्थिति बनी रही। जिससे राहगीर और नागरिक हलकान रहे।
इन दिनों जिले के सहकारी बैंकों में चपरासी पदों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार हो रहा है। सोमवार को भाकियू जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य शाखा पर पहुंच कर हंगामा कर मौके पर मौजूद अधिकारियों और चेयरमैन का घेराव किया। आरोप लगाया कि नियुक्ति में धांधली की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हंगामे में विकास शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, हरेंद्र, धर्मवीर, पीयूष पंवार, बिट्टू हरेटी, मनोज सहरावत, आशु नंगली, मोनू, धीरज त्यागी, दुष्यंत ठाकुर, राजवीर, नीटू दुल्हेरा, अनुज बालियान, रजत त्यागी आदि शामिल रहे।