मीरापुर में प्रेसवार्ता के दौरान मंचासीन अतिथिगण।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सुरक्षा के साथ प्रदेश में हो रहा बड़ा निवेश, कानून के भय से जेलों के अंदर हैं बदमाश
मीरापुर। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला और एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने भाजपा सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियां गिनाई। कहा, बड़े अपराधी कानून के डर से जेलों के अंदर हैं। सुरक्षा के साथ प्रदेश में बहुत बड़े स्तर पर निवेश हो रहा है।
बाईपास स्थित रेस्टोरेंट में जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला और एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश भाजपा सरकार ने सफलतापूर्वक साढ़े चार वर्ष पूरे कर लिए हैं। पिछली सरकारों की तुलना में साल-2017 के बाद अपराधों में काफी कमी आई है। आज अपराधी कानून के भय से या तो जेल के अंदर है या फिर प्रदेश के बाहर हैं। प्रदेश में महिला कल्याण के लिए खासतौर से मिशन शक्ति अभियान प्रारंभ किया गया है। थाना व तहसील में महिला डेस्क की स्थापना की गई है। महिलाओं व बेटियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। यूपी में कोरोना प्रबंधन बेहतरीन रहा है। आपरेशन कायाकल्प के माध्यम से सवा लाख से अधिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधायें उपलब्ध कराई गईं हैं। प्रतियोगी परीक्षा के छात्रों को एक मंच देने के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना शुरू की है, जिससे अब तक 18 लाख से अधिक छात्र जुड़ चुके हैं। जिला महामंत्री राहुल वर्मा, मानवेंदर शर्मा, सचिन ठाकुर, जोगेंदर वर्मा, विनोद शर्मा, अरूण कुमार, राजवीर शर्मा, अजीत तितोरिया आदि मौजूद रहे।