बुढ़ाना। भारतीय किसान संगठन के धरना प्रदर्शन में सभी वक्ताओं ने भाजपा की सरकार को किसान व गरीब विरोधी बताया। संगठन के पदाधिकारियों ने अपनी सात सूत्री मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी को दिया।
भारतीय किसान संगठन के सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता सोमवार को ट्रैक्टर ट्राली व अन्य वाहनों से तहसील मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन कर धरना दिया। किसानों व गरीबों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आयोजित धरना प्रदर्शन में सभी वक्ताओं ने भाजपा की सरकार को अपना निशाना बनाया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान चीनी मालिक नहीं दे रहे हैं। सरकार की मंशा किसानों व गरीबों को बर्बाद करने की है। छोटे-छोटे किसानों के लाखों रुपये गन्ने की बकाया में चले आ रहे हैं। दूसरी ओर मात्र दस हजार रुपये की बिजली बकाया पर किसानों के कनेक्शन काटकर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। भारतीय किसान संगठन ने सिसौली को तहसील का दर्जा देने का जमकर विरोध किया। चौगामा नगर में पानी नहीं हैं। किसानों को सरकार व प्रशासन परेशान कर रहा है। किसान संगठन के नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदी उनकी मांगों नही मानी गई तो वे आंदोलन करेंगे। संगठन के नेेताओं ने अपनी सात सूत्री मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी दीपक कुमार को सौंपा। उपजिलाधिकारी ने आश्वासन देते हुए कहा कि अपने स्तर की समस्या का वे तत्काल समाधान करेंगे। इस मौके पर ज्ञापन देने वालों में परब सिंह, रमेश सोम, धीरज राणा, अनिल कुमार, विक्रम सिंह, कृष्ण कुमार व दीपक सोम सहित संगठन के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।