पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी समारोह जंग के मैदान में तब्दील हो गया। उद्यमियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। उद्यमी गांव घासीपुरा में किसान की मौत के बाद फैक्ट्री मालिक के साथ हुई मारपीट को लेकर खतौली विधायक विक्रम सैनी की भूमिका से नाराज थे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी और जिला प्रभारी अरुण वशिष्ठ के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन से भी संतुष्ट नहीं हुए। उद्यमी विधायक के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास कराने की जिद पर अड़ गए।
मंगलवार को भोपा रोड पर स्थित भावना पैलेस में बीजेपी के पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह के दौरान अव्यवस्था का बोलबाला हो गया। मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी के सामने उद्यमी और भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए। बता दें कि गत दिनों गांव घासीपुरा में एक किसान की हार्टअटैक से मौत हो गई थी। रालोद और बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि किसान की फसल फैक्ट्री के दूषित पानी के कारण नष्ट हुई है। आरोप लगाया था कि खराब फसल को देखकर ही किसान की मौत हो गई।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने फैक्ट्री में तोड़फोड़ करते हुए जमकर हंगामा किया था। हंगामे के बीच खतौली विधायक विक्रम सैनी भी मौके पर पहुंच गए थे। उनके प्रदर्शन के दौरान पहुंचने और ग्रामीणों का समर्थन करने से उद्यमी भाजपा विधायक विक्रम सैनी की भूमिका से नाराज थे। यही वजह है कि कार्यक्रम में पहुंचकर उद्यमियों ने अपने गुस्से का इजहार किया। बीजेपी नेताओं ने उद्यमियों की सभी बातें सुनंी। भाजपा नेताओं ने उद्यमी के साथ हुई मारपीट की घटना पर दुख व्यक्त किया।
दोषियों पर कार्रवाई करने और विधायक का मामला मुख्यमंत्री के सामने रखने की बात कही। यह भी कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित होगा, किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। इसके बाद भी कुछ उद्यमी नहीं माने। विपुल भटनागर और नीलकमल पुरी भाजपा विधायक के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने पर अड़ गए। अतिथियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। भाजपा नेता देवव्रत त्यागी, संजय अग्रवाल, सत्यपाल पाल सहित मौजूद सभी नेताओं ने निंदा प्रस्ताव का विरोध किया।
इसी बीच जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी ने कहा कि पार्टी नेताओं ने सारी बात सुन ली है, इसलिए अब वह बाहर चले जाएं। इस पर भाजपा नेताओं उद्यमियों के बीच नोकझोंक हो गई। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उद्यमियों को हाल से बाहर निकाल दिया। इस बीच विधायक कपिलदेव अग्रवाल उद्यमियों को बचाने के प्रयास में मंच से नीचे गिर गए। विधायक उमेश मलिक ने बीच में आकर उद्यमियों को बाहर निकाला। कुछ उद्यमियों ने हॉल से बाहर निकलकर विक्रम सैनी के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक कपिलदेव उन्हें बाहर सड़क तक छोड़कर आए।
उद्यमी ने बताया उसे कैसे पीटा
मुजफ्फरनगर। भाजपा नेता रमापति राम त्रिपाठी के सामने विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने उद्यमी नीरज केडिया को पेश किया। नीरज ने बताया कि किस तरह उसे घेरकर पीटा गया। त्रिपाठी और जिला प्रभारी अरुण वशिष्ठ ने न्याय का आश्वासन दिया।
30 मिनट तक बरपा हंगामा
मुजफ्फरनगर। बीजेपी के कार्यक्रम में 30 मिनट तक उद्यमियों का जमकर हंगामा हुआ। वरिष्ठ नेताओं के बात सुनने और न्याय के आश्वासन के बाद भी उद्यमियों का आक्रोश बढ़ता गया। इसके कारण तनाव का माहौल बन गया।