कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। शाहपुर रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो द्वारा बाइक में टक्कर मार देने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक का भाई व भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि शव को परीक्षण के लिये भेज दिया। हादसे का शिकार हुए युवक तीज पर बहन की कोथली देकर घर लौट रहे थे।
छपार थाना क्षेत्र के गांव दतियाना निवासी 25 वर्षीय बिल्लू पुत्र सुरेशपाल व उसका चचेरा भाई राजन शामली जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर में अपनी बहन को कोथली देकर वापस आ रहे थे। वे अपने साथ अपनी भांजी 11 वर्षीय अंशिका को भी साथ लेकर लौट रहे थे। जब वे शहर कोतवाली क्षेत्र में शाहपुर रोड पर पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार आती बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बिल्लू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजन व अंशिका गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि शव को परीक्षण के लिये भेज दिया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।