भौंराकला में नए कृषि कानूनों के विरोध मे बाइक रैली निकालते युवा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
किसान आंदोलन के समर्थन में निकाली बाइक रैली
भौराकलां/सिसौली (मुजफ्फरनगर)। कृषि कानूनों के विरोध में गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में शनिवार को युवाओं ने बाइक रैली निकाली। 17 फरवरी को कांवड़ की तर्ज पर सिसौली से जल लेकर गाजीपुर बॉर्डर जाने की भी घोषणा की गई।
सिसौली स्थित किसान भवन से शनिवार दोपहर 12 बजे निकाली गई युवाओं की बाइक रैली का शुभारंभ गौरव टिकैत ने हरी झंडी दिखाकर किया। बाइक रैली में सैकड़ों युवाओं ने अपनी-अपनी बाइकों के साथ भाग लिया, जो तिरंगा व भाकियू का झंडा लेकर करीब दस किलोमीटर क्षेत्र के गांव मुंडभर, भाज्जु, गढ़ी, खेड़ी, चरौली समेत अन्य गांवों से होकर वापस सिसौली किसान भवन लौटे। बाइक रैली में कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया। रैली के बाद युवाओं ने 17 फरवरी को किसान भवन से जल लेकर डाक कांवड़ की तर्ज पर गाजीपुर बॉर्डर जाने और उस जल को राकेश टिकैत को पिलाने की घोषणा की। बाइक रैली में अभिजीत बालियान, अनंगपाल, बबलू लोदी, विजय, अक्षय व वंशज समेत बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।