मुजफ्फरनगर। धर्मस्थल के बाहर खड़ी युवक की बाइक में शरारती तत्वों द्वारा आग लगाने से हंगामा हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर आकर लोगों को समझाबुझा कर शांत कर मामला निपटा दिया। अज्ञात में शहर कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच पड़ताल में लगी है।
शहर कोतवाली के अहाता ओलिया स्थित धर्मस्थल में शनिवार रात तरावीह चल रही थी। जसवंतपुरी का शहजाद बाइक से नमाज पढ़ने के लिए आया था। उसने बाइक को धर्मस्थल के बाहर खड़ा किया था। कुछ समय बाद शरारती तत्वों ने इस बाइक में आग लगा दी, अफरातफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ हो गई तथा लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ सिटी हरीश भदौरिया और शहर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान पुलिस फोर्स को लेकर मौके पर आए। जिम्मेदार लोगों की मदद से लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया। सीओ सिटी ने घटना की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शहजाद की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो