ट्रक की चपेट में आई बाइक, युवक की मौत, दो घायल
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। शांति भंग के आरोपी की जेल ले जाने के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई। पारिवारिक कलह में आरोपी को पुलिस ने पकड़ा था। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। एसपी देहात ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि भौराकलां थानाक्षेत्र के सिसौली निवासी अंकित (30) पुत्र यशपाल की पत्नी ने रविवार रात पुलिस को सूचना दी थी कि पति उसके साथ मारपीट कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और अंकित को हिरासत में लेकर भौराकलां थाने ले आई। सोमवार को भौराकलां पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान कर दिया। भौराकलां थाने पर तैनात कांस्टेबल पवन सोलंकी और पीआरडी के जवान संजय ने उसे एसडीएम बुढ़ाना के न्यायालय में पेश किया। मजिस्ट्रेट ने आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दी। पुलिसकर्मी उसे जिला कारागार में दाखिल करने के लिए बाइक से मुजफ्फरनगर ले जा रहे थे। जब वह कस्बे में डॉ. नीलकांत चौधरी के क्लीनिक के सामने पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में साइड मार दी। जिसमें पुलिसकर्मियों सहित आरोपी युवक सड़क पर गिर गए। ट्रक की चपेट में आने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई और दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल भिजवाने के साथ मृतक युवक के शव को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, सीओ बुढ़ाना विनय गौतम, सीओ फुगाना शरद चंद्र शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंच और जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना के संबंध में घायल सिपाही पवन सोलंकी ने तहरीर दी है।