खतौली-मीरापुर मार्ग पर बेकाबू बाइक पेड़ से जा टकराई, जिसमेें बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गया। तीनों युवक बिना हेलमेट के हाईस्पीड पर बाइक चला रहे थे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन परिवार के लोग जबरन शव को गाड़ी में डालकर ले गए। पुलिस ने पीछा कर उन्हें भंगेला पुलिस चौकी पर रोका और पंचनामा भरकर शव को उनके सुपुर्द कर दिया।
मेरठ के मोहल्ला लक्खीपुरा भूमिया पुल निवासी इंतजार (25) पुत्र यूनुस, मेरठ के मोहल्ला रसीदनगर निवासी सोनू पुत्र पप्पू और जुलेखान पुत्र जफर के साथ अपाची बाइक पर मीरापुर से मेरठ जाने के लिए खतौली आ रहा था। इंतजार बाइक तेज स्पीड से चला रहा था। खतौली-मीरापुर मार्ग पर नदी पुल के पास बाइक बेकाबू हो गई और एक पेड़ से जा टकरा गई। जिसमें इंतजार की मौके पर ही मौत हो गई और उसके दोनों साथी घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी पहुंचाया और घायलों का उपचार शुरू करा दिया। उधर, हादसे की खबर मिलने पर मृतक के रिश्तेदार और परिवार के लोग अस्पताल में पहुंचे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उधर, सिपाही और होमगार्ड ने बिना पंचनामा भरे शव देने से इनकार कर दिया। इस पर परिजन युवक के शव को जबरन बिना पंचनामा भरवाए ही गाड़ी में डालकर ले गए। सिपाही की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया और उन्हें भंगेला पुलिस चौकी के पास रोक लिया। वहां पुलिस ने शव का पंचनामा भरा गया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।