बोलीं चेयरपर्सन, ईओ नहीं कर रहे निर्देशों का क्रियान्वयन
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल और ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी के बीच चल रही खींचतान एक बार फिर सतह पर आ गई है। चेयरपर्सन ने आरोप लगाया है कि ईओ उनके निर्देशों का क्रियान्वयन नहीं कर रहे हैं। नगर के डिवाइडरों पर लगाए गए पौधे पानी के अभाव में सूख रहे हैं, लेकिन उन्हें सींचने की व्यवस्था नहीं की जा रही। पूरे मामले पर चेयरपर्सन ने तीन दिन में अनुपालन आख्या तलब की है।
ईओ को लिखे पत्र में चेयरपर्सन ने कहा है कि उन्होंने नगर में भ्रमण किया तो रुड़की चुंगी से लेकर सहारनपुर बस स्टैंड होते हुए पाल धर्मशाला, अस्पताल के सामने बने डिवाइडर तथा कच्ची सड़क पर मदीना चौक से लेकर कब्रिस्तान तक, गाजावाली पुलिया से अहिल्या बाई होल्कर चौक तक डिवाइडरों पर पालिका कोष से पौधे लगवाए गए थे। जुलाई 2019 में कांवड़ यात्रा से पहले पौधे लगाए गए, लेकिन उन्हें पानी नहीं दिए जाने से कुछ पौधे तो पूरी तरह सूखकर समाप्त हो गए तथा कुछ समाप्त होने की स्थिति में हैं। सरकुलर रोड, सुजड़ू चुंगी से महावीर चौक तथा महावीर चौक से प्रकाश चौक तक एवं कचहरी रोड पर निर्मित डिवाइडर पर लगे पौधे भी पानी के अभाव में सूख रहे हैं। नगर क्षेत्र में स्थित पालिका के 27 पार्कों की भी यही हालत है। इससे लगता है कि ईओ नगर का भ्रमण नहीं करते तथा चेयरपर्सन के द्वारा जो जनहित में उन्हें निर्देश दिए जा रहे हैं उनका भी क्रियान्वयन नहीं किया जा रहा। इसे जनता की नजरों में नगर पालिका की छवि खराब होना स्वाभाविक है। उन्होंने ईओ को निर्देश दिए हैं कि नगर के सभी पार्कों के अतिरिक्त डिवाइडर पर लगे पौधों की पानी के टैंकर के माध्यम से सिंचाई कराएं। प्रत्येक चार-पांच दिन में यह क्रम जारी रखें। उन्होंने इसके लिए पालिका कर्मचारियों और मालियों की ड्यूटी का रोस्टर तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस मामले में आख्या तीन में दिन में तलब की है।