भारत बंद के आहवान पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेते सिटी मजिस्ट्रेट।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को रोका
मुजफ्फरनगर। सीएए और एनआरसी के विरोध में भीम आर्मी के भारत बंद के आह्वान का जिले में कोई असर नजर नहीं आया। रुड़की रोड से शहर के भीतर आ रहे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वहीं रोक लिया। यहां पर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने के बाद कार्यकर्ता लौट गए। एहतियात के तौर पर नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। शाम तक सब कुछ शांतिपूर्वक निपटने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने रविवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था। रविवार को सुबह से ही शिव चौक, महावीर चौक, कचहरी परिसर के आसपास तथा मीनाक्षी चौक समेत विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने सहारनपुर बस स्टैंड से शहर के भीतर आने की कोशिश की तो सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार और सीओ हरीश भदौरिया ने उन्हें वहीं रोक दिया। वहां पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेता टीकम बौद्ध ने एक ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को दिया। ज्ञापन में एससी/एसटी, ओबीसी को सरकारी नौकरी, पदोन्नति में आरक्षण देने, सीएए, एनआरसी, एनपीआर का विरोध किया। कार्यकर्ताओं के ज्ञापन देने के बाद भी पुलिस मुश्तैद रही। विभिन्न चौराहों एवं मार्गों पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी गश्त करते रहे। शाम तक सब कुछ शांतिपूर्वक निपटने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।