रतनपुरी/खतौली। गांव भनवाड़ा के जंगल में एक सप्ताह पूर्व ट्रैक्टर लूट की घटना के अनावरण को लेकर भाकियू की पंचायत हुई। जिसमें निर्णय लिया गया कि 25 नवंबर तक लूट का खुलासा न होने पर रतनपुरी थाने का घेराव किया जाएगा।
13 नवंबर को रतनपुरी निवासी ब्रह्मपाल पुत्र सतपाल सिंह प्रजापति का ट्रैक्टर खतौली शुगर मिल में गन्ना ले जाते समय भनवाड़ा के जंगल में चार बदमाशों ने चालक राजकुमार पुत्र हुकमचंद निवासी समौली को लूट लिया था। बदमाश चालक को वहां स्थित एक ट्यूबवेल में बंद करके फरार हो गए थे। एसपी देहात ने प्रभारी निरीक्षक रतनपुरी को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थी, लेकिन अभी तक भी घटना का खुलासा नहीं हो सका। बृहस्पतिवार को भाकियू ब्लाक अध्यक्ष कपिल सोम के आवास पर ग्रामीणों की भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ पंचायत हुई। जिसमें 25 नवंबर तक मामले का खुलासा न होने पर रतनपुरी थाने का घेराव करते हुए प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। पंचायत में भंवर सिंह, सूरजपाल ठेकेदार, रविकांत सोम, संदीप सोम, राजेश सोम, सुखपाल, प्रमुख सिंह, राजपाल सिंह, रामपाल सिंह, सतपाल प्रजापति आदि रहे।