स्वकर प्रणाली की दरें कम करने की मांग
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद के व्यावसायिक व घरेलू स्वकर प्रणाली के विरोध में संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को ज्ञापन दिया। उन्होंने निर्धारित की गई कर की दरों को वापस लेने की मांग की।
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 16 जनवरी की बोर्ड मीटिंग में पारित प्रस्ताव संख्या 103 में स्वकर निर्धारण व मूल्यांकन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने इसका विरोध करते हुए इसे जनता पर कुठाराघात बताया। व्यापारियों ने कहा कि पालिका प्रशासन जनता को गुमराह करते हुए आपत्तियां मांगने का नाटक रचा गया और लोगों पर यह निर्णय थोप दिया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि स्वकर निर्धारण प्रणाली में जो रेट आवासीय और व्यवसायिक भवनों पर लगाए गए हैं, उनको वह कतई स्वीकार नहीं करते हैं। व्यापारियों ने चेयरपर्सन से मांग की है कि स्वकर प्रणाली के अंतर्गत व्यावसायिक भवनों पर बढ़े हुए रेट वापस लेकर पुन: विचार करें, इसके लिए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा करने का आग्रह भी किया गया है। ज्ञापन देने वालों में मुख्य संयोजक रेवती नंदन सिंघल और महामंत्री राजेन्द्र काटी सहित अन्य व्यापारी नेता मौजूद रहे।