प्रेम प्रसंग में आत्महत्या करने को विद्युत लाइन के टावर पर चढ़ा युवक-संवाद
छपार। फिल्म शोले के अंदाज में मोहब्बत को पाने की खातिर कासमपुर गांव में प्रेमी अर्जुन बिजली के टॉवर पर चढ़ गया और जान देने का एलान कर दिया। सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस भी पहुंची। प्रेमी ने रस्सी से फंदा बनाना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए पुलिस उसकी प्रेमिका को लेकर पहुंची तो मामला बदल गया। प्रेमी नीचे उतरा और पुलिस के साथ थाने पहुंच गया।
नोएडा की निजी कंपनी में काम करने वाले अर्जुन का गांव की युवती के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पिछले दिनों युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरे युवक के साथ तय कर दिया।
सोमवार को प्रेमी को इस बात की जानकारी मिली। इसके बाद वह शाम के समय रस्सी साथ लेकर आत्महत्या के इरादे से गांव से बाहर हाई टेंशन विद्युत लाइन के टावर पर चढ़ गया। आसपास के लोगों ने उसे रोकना चाहता लेकिन वह नहीं माना। राहगीरों ने शोर मचाया तो सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। सभी ने युवक को नीचे उतरने के लिए खूब मनाया लेकिन अर्जुन नहीं माना। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक बेटे को समझाने की कोशिश की गई।
जानकारी मिलते ही छपार थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने पर भी अर्जुन नीचे नहीं उतरा। मामला पता करने के बाद गांव में जाकर पुलिस किसी तरह उसकी प्रेमिका को साथ लेकर मौके पर पहुंची। प्रेमिका के पहुंचते ही प्रेमी नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और प्रेमिका को उसके घर भेज दिया।