कैश न मिलने पर जाम लगाकर हंगामा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
चरथावल में तीन दिनों से कड़कड़ाती ठंड में लाइन में लगने वाले लोगों को कैश नहीं मिलने पर मुजफ्फरनगर मार्ग पर जाम लगाया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। एसडीएम सदर राम अवतार गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्या हल कराने का भरोसा दिया।
कस्बे में एसबीआई में कैश वितरण का सिस्टम पूरी मरह पिछड़ गया है। कोहरे में तीन दिन से दूरदराज से लोग कैश निकालने की उम्मीद में सुबह छह बजे ही लाइन में लगते हैं, लेकिन 10 बजे बैंक कर्मचारी कैश नहीं आने की बात कहकर बैरंग कर रहे थे। बुधवार को भी यही बात बताई गई तो लाइन में लगे लोगों का सब्र का बांध टूट गया। लोगों ने हंगामा करते हुए बैंक के सामने मुजफ्फरनगर-थानाभवन मार्ग पर जाम लगा दिया।
बैंक स्टाफ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सड़क पर दरी बिछाकर महिलाएं भी बैठ गईं। इस दौरान धरनारत लोगों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। भड़के लोगों का रवैया भांपकर बैंक प्रबंधक समेत पूरा स्टाफ बैंक में ताला डालकर मौके से चंपत हो गए। जाम के कारण लंबी लाइन लग गई। लोगों का आरोप था कि एसबीआई का स्टाफ कैश वितरण वाले दिन रोजाना साढ़े तीन बजे ही लोगों को कैश देना बंद कर देता है। शनिवार से तीन दिनों तक बैंक में अवकाश है।
जिससे किसानों को कैश नहीं मिलने से गेहूं बुवाई में दिक्कत आ रही है। जिला मुख्यालय से एसडीएम सदर और सीओ सदर ने मौके पर पहुंचकर लोगों का समझाया। अफसरों ने कहा कि वह बैंक के आला अफसरों से वार्ता कर नियमित कैश वितरण की व्यवस्था कराएंगे। उसके बाद जाम खुल पाया। वहीं, ओबीसी, पीएनबी और सेंट्रल बैंक में दो से चार हजार रुपये तक कैश दिया गया।