-पुलिस ने घायल को अस्पताल में कराया भर्ती, तीन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
(फोटो समाचार)
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। जानसठ-खतौली मार्ग के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने बंधन बैंक के कर्मचारी से तमंचों के बल पर 60 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने कर्मचारी को पैर में गोली मार दी। इसके बाद बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
जानसठ खतौली मार्ग पर गांव भलेड़ी के पास बंधन बैंक की शाखा है। थाना तितावी क्षेत्र के गांव अलीपुर खुर्द निवासी प्रविंद्र कुमार पुत्र रामकुमार वहां क्लेक्शन एजेंट हैं। बुधवार दोपहर वह गांव गढ़ी व आसपास गांवों में क्लेक्शन के लिए गए थे। वहां से रुपये कलेक्शन कर बारादरी वाले रास्ते से होते हुए गांव भलेड़ी स्थित बैंक वापस जा रहे थे। जानसठ-खतौली मार्ग पर पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने बैंक कर्मचारी को घेर लिया। इसके बाद तमंचे दिखाकर उससे 60 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने बैंक कर्मचारी के पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
लूट के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों ने घायल बैंक कर्मचारी को उठाया और लूट की सूचना पुलिस को दी। बाद में घायल बैंक कर्मचारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। फिलहाल बदमाशों का पता नहीं चल सका है।
सीओ यतेंद्र नागर ने अस्पताल पहुंच कर घायल बैंक कर्मचारी से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना के बारे में बैंक के प्रबंधक विकास कुमार ने सूचना दी थी। घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि बदमाशों की तलाश में तीन टीमों को लगाया गया है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
परिचित के शामिल होने की आशंका
सीओ जानसठ यतेंद्र कुमार नागर का कहना है कि इस घटना में पीड़ित के किसी परिचित का शामिल होना प्रतीत हो रहा है, क्योंकि दो बदमाश नकाबपोश थे। एक ने नकाब नहीं लगाया था।
सीसीटीवी देख रही पुलिस
पुलिस ने बदमाशों के आने व भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज देखने शुरू किए हैं। बैंक कर्मचारी के गांव गढ़ी से चलते समय आसपास क्षेत्र में खड़े संदिग्धों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।