अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की ओर से डीएलएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा आठ से 10 अगस्त तक कराई जाएगी। वहीं तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 12 से 14 अगस्त तक होगी। करीब ढाई हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रही प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग और डायट की ओर से तैयारियां की गईं। एसडी इंटर कॉलेज में 1100 और डीएवी इंटर कॉलेज में 860 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
डायट प्राचार्य संजय कुमार रस्तोगी ने बताया कि आठ अगस्त की सुबह प्रथम प्रश्नपत्र बाल विकास और दूसरा प्रश्नपत्र शिक्षण अधिगम के सिद्धांत का होगा। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 और दूसरी पाली डेढ़ से शाम साढ़े तीन बजे तक चलेगी।
प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 10 अगस्त को समाप्त हो जाएंगी। इसके बाद तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 12 अगस्त से शुरू होगी। तृतीय सेमेस्टर के परीक्षार्थियों के लिए 13 और 14 अगस्त को तीन-तीन पालियों की व्यवस्था की गई है।
तृतीय सेमेस्टर के विषय शैक्षिक मूल्यांकन क्रियात्मक शोध एवं नवाचार, समावेशी शिक्षा, विज्ञान, गणित, सामाजिक अध्ययन, हिंदी, संस्कृत, उर्दू और कंप्यूटर विषय की परीक्षी होगी।
इनसेट
सचल दल गठित किए, कैमरे से होगी निगरानी
परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को कैमरे की निगरानी में रखवाया जाएगा। इसके अलावा सचल दल गठित कर दिए गए हैं। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने परीक्षा को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जाने के निर्देश जारी किए हैं।