मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। नवनिर्वाचित सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने जीत दर्ज की लेकिन पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के चरथावल विधानसभा के गांव कुटबा-कुटबी में एकतरफा कमल खिला।
कुटबा-कुटबी में संजीव बालियान को 3333 वोट मिले, जबकि हरेंद्र मलिक को 202 वोट ही हासिल हुए। बसपा प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति को सिर्फ 20 वोट से संतोष करना पड़ा। एक बूथ पर बसपा को यहां शून्य वोट भी मिले। गौरतलब है कि सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक ने कुटबा-कुटबी में बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया था।
डूंगर में हरेंद्र मलिक ने की सेंधमारी
भाजपा नेता पूर्व विधायक उमेश मलिक के गांव डूंगर में सांसद हरेंद्र मलिक सेंधमारी करने में कामयाब रहे। भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान को 1404 और सपा प्रत्याशी को 459 वोट गांव से मिले। सरनावली गांव में बालियान को 947 और मलिक को 302 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति ने सरनावली गांव में 127 वोट हासिल किए।
इनसेट
कुरालसी में चल गई साइकिल
डॉ. बालियान के करीबीं सहकारी बैंक के चेयरमैन ठाकुर रामनाथ सिंह के गांव कुरालसी में सपा ने खूब सेंधमारी की। भाजपा प्रत्याशी को 995 और सपा प्रत्याशी को 784 वोट मिले। इस गांव को भी भाजपा का गढ़ माना जाता है।
सिसौली में जीती भाजपा, साइकिल भी चली
बालियान खाप के गढ़ और भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के कस्बा सिसौली में भाजपा प्रत्याशी को जीत मिली। यहां बालियान को 3962 और हरेंद्र मलिक को 1596 वोट मिले। अंबेडकर भवन सिसौली के कक्ष नंबर एक में दारा सिंह प्रजापति ने 208 वोट हासिल किए जबकि बालियान को 91 और मलिक को सिर्फ 23 वोट मिले।
राजपाल के गांव में इस तरह बंटे वोट
रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान के गांव गढ़ी नौआबाद में भाजपा प्रत्याशी डॉ. बालियान को 1429 वोट मिले। यहां सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक ने 662 वोट हासिल कर सेंधमारी की। बसपा प्रत्याशी को भी 162 वोट मिले।
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के ननिहाल में हारी भाजपा
रालोद के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने अपनी अधिकतर राजनीति चरथावल विधानसभा के गांव कसियारा स्थित ननिहाल में रहकर की। कसियारा में बसपा प्रत्याशी को 536 वोट मिले। डॉ. संजीव बालियान को 161 और हरेंद्र मलिक को 170 वोट मिले। अनुसूचित जाति के मतदाताओं ने भी सपा को वोट दिया।