विकास कार्यों में घपलेबाजी के विरोध में बालियान को घेरा
मोरना (मुजफ्फरनगर)। नगर पंचायत भोकरहेड़ी में कराए गए विकास कार्यों में घपलेबाजी के विरोध में ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान एवं विधायक उमेश मलिक का घेराव करते हुए हंगामा किया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिशासी अधिकारी को मौके पर बुलाकर खरी खोटी सुनाई। वहीं, निर्माण कार्य में जांच पूरी होने तक नगर में विकास कार्य के टेंडर नहीं कराने के निर्देश दिए।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने अधिशासी अधिकारी को नगर में इंटरलॉक के ऊपर काली सड़क एवं तालाबों की खोदाई, नाला निर्माण, गोशाला निर्माण, शौचालय आदि में फर्जीवाड़े की शिकायत पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कार्य पर लापरवाही बरतने पर ईओ को बर्खास्त कराने की चेतावनी दी।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान के समक्ष सभासद रामबीर, दीपक, राजीव, रामपाल नेताजी, उदयवीर सभासद, मदनपाल सिंह, वीरेंद्र कुमार, सनसवीर सिंह, जोगेंद्र वर्मा, गजेंद्र, विजेंद्र, संजीव कुमार, सुधीर कुमार अमित, वीरसिंह, सुनील आदि ग्रामीणों ने नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अभियंता व ठेकेदार पर विकास कार्यों में लाखों रुपयों की धोखाधड़ी कर गबन के आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। इस पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी सुरजीत कुमार गौतम को मौके पर बुलवा लिया। ग्रामीणों के साथ नेहरू चौक स्थित तालाब में बांस डालकर खोदाई की जांच की, तो बांस मात्र पांच फुट ही पानी के अंदर पहुंचने पर मंत्री ने अधिशासी अधिकारी को ग्रामीणों के बीच जमकर खरी खोटी सुनाते हुए दोषी पाए जाने पर बर्खास्त कराने की चेतावनी दी। वहीं, जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे से फोन से बात कर मंगलवार को जांच टीम भेजने के आदेश करा दिए।
टेंडर दिए जाने पर सवाल उठाए
करीब बीस वर्षों से एक ठेकेदार सलीम द्वारा विकास कार्यों के टेंडर दिए जाने पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कराए जाने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया।