बाल विकास कार्यालय के बाहर रख दी खराब दाल
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। बाल विकास कार्यालय पर एक बोरे में खराब दाल के पैकेट निकले हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने खराब दाल लेने से मना कर दिया और दाल को कार्यालय के बाहर रख दिया। चेयरमैन जहीर फारुखी ने खराब दाल के वितरण पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से शिकायत की।
पुरकाजी कस्बे के चेयरमैन जहीर फारूकी के आवास के सामने बाल विकास कार्यालय है। बुधवार को कार्यालय पर छपार क्षेत्र के गांव छपरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गायत्री देवी की ओर से अरविंद बच्चों में वितरित होने वाला खाने का सामान लेने पहुंचा था। सामान में सड़ी गली चने की दाल देने पर कर्मचारी ने दाल लेने से मना कर दिया। कर्मचारी चने की दाल को कार्यालय के बाहर रखकर चला गया। बाद में अरविंद दाल बदलकर ले गया।
चेयरमैन जहीर फारूकी ने बताया कि बुधवार शाम करीब छ बजे दफ्तर के सामने बाहर सड़क पर दाल के पैकेट के सरकारी कट्टे फटे हुए पड़े थे। जिसमें बेहद खराब सड़ी हुई दाल भी थी। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर है। इसकी शिकायत एसडीएम सदर से की गई है। सुपरवाइजर पुष्पा पाल का कहना है कि दाल के एक कट्टे में कुछ दाल खराब निकली है। जिसकी शिकायत अधिकारियों से की गई है। जो दाल खराब निकली है उसे बदल दिया जाएगा।