मुजफ्फरनगर : खतौली के गांव कैलावड़ा में स्थित टावर पर चढ़ा युवक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव कैलावड़ा में एक युवक नशे की हालत में टावर पर चढ़ गया। चार घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस ने बामुश्किल युवक को टावर से नीचे उतारा।
गांव कलावड़ा में अनुसूचित जाति की बस्ती में स्थित तालाब के समीप लगे टावर पर गांव का ही कल्लू उर्फ वीपाल (30) चढ़ गया। ग्रामीणों ने बताया कि युवक नशे की हालत में था। वह अपनी शादी कराने को लेकर चार घंटे तक जमकर हंगामा करता रहा। इस दौरान गांव के काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हंगामे की सूचना पर ग्राम प्रधान मन्नू चौधरी के साथ पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, मगर वह ऊपर चढ़ता गया।
युवक चिल्लाकर कह रहा था कि अगर उसको किसी ने उतारने का प्रयास किया, तो वह टावर से कूद कर अपनी जान दे देगा। टावर से युवक के कूदने के डर से ग्रामीण टावर के चारों ओर चादर लेकर घूम रहे थे। अग्निशमन की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। नायब तहसीलदार अर्जुन सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चार घंटे चले ड्रामे के बाद युवक को समझा बुझाकर टावर से उतार लिया गया। टावर से उतरने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्राम प्रधान ने उसे एक हजार रुपये देकर घर भेजा।