मुजफ्फरनगर। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने दंगे की जांच करने वाले विष्णु सहाय आयोग को ही औचित्यहीन करार दिया है।
उन्होंने कहा कि आजम खां की वजह से मुजफ्फरनगर बर्बाद हुआ। सीएम और कैबिनेट मंत्री आजम खां से भी आयोग को पूछताछ करनी चाहिए थी। आजम ने कवाल कांड के आरोपियों को छुड़वाया और सीएम ने जिले को 24 घंटे प्रशासनविहीन रखा।
संजीव बालियान जाट कॉलोनी में भाजपा नेता उमेश मलिक के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दंगे की मूल वजहों की जांच नहीं की गई। पंचायत से लौटते लोगों पर जौली, पुरबालियान और बसी कलां में हमले सुनियोजित थे। सरकार ने कानून का पूरा दुरुपयोग किया।
बेकसूर युवकों को बलात्कार के झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल में डलवा रखा है। विष्णु सहाय आयोग की रिपोर्ट पर बालियान ने कहा कि जांच कहां हुई? आजम खां के मोबाइल की कॉल डिटेल क्यों नहीं चेक की गई। उन्होंने कवाल कांड के आरोपियों को छुड़वाया। स्टिंग ऑपरेशन में यह सच पूरे देश ने देखा था।
सीएम अखिलेश से आयोग ने यह क्यों नहीं पूछा कि उन्होंने डीएम और एसएसपी का रातोंरात तबादला क्यों किया। दंगे के 24 घंटे तक जिले को प्रशासनविहीन क्यों रखा गया। सीबीआई जांच के बगैर दंगे का सच सामने नहीं आ सकता। प्रदेश सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश करे, केंद्र जांच के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि जांच आयोग समुदाय विशेष को संतुष्ट करने के लिए सरकार का प्रायोजित कार्यक्रम है। बालियान ने यह भी कहा कि सपा सरकार के जाते ही दंगे की दोबारा जांच होगी, इस सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं है।