मोरना में भतीजे द्वारा 20 हजार रुपये में बुआ को बेचने का मामला प्रकाश में आया है। पहले पति ने पत्नी और उसके नए पति को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम मोरना निवासी जगपाल ने बताया कि पिछले वर्ष उसकी पत्नी के भतीजे मुकेश निवासी गांव तुल्हेड़ी ने राजस्थान के करबपुर सासवा कोल्हू लगा रखा था।
कोल्हू में गन्ना लगाने के लिए वह पत्नी को लेकर वहां गया था। पारिवारिक कार्य के चलते जगपाल बीच में ही मोरना आ गया। आरोप है इसी बीच आदेश ओर रामराज निवासी प्रदीप ने उसकी पत्नी को गायब कर दिया था। शनिवार रात जगपाल ने अपनी पत्नी को प्रदीप, रविंद्र पुत्रगण धर्मवीर के घर पर देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला और आरोपियों को पकड़ लिया। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उसने महिला को उसके भतीजे को 20 हजार देकर खरीदा था।
पिछले वर्ष 23 मार्च वह महिला को लेकर राजस्थान से जालंधर लेकर चला गया। जालंधर तीन महीने रुकने के बाद वह उसे अपने घर रामराज ले आया था। शनिवार को वह मोरना स्थित अपने परिचित के यहां आया था। पुलिस ने महिला व प्रदीप को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।