महिलाओं को बदनीयती से खेत में खींचने का प्रयास
भोपा (मुजफ्फरनगर)। ककरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत पर गईं दो महिलाओं को दूसरे वर्ग के युवक ने बदनीयती से खेत में खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति है, जिसके चलते फोर्स तैनात की गई है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव निवासी दो महिलाएं रविवार दोपहर गन्ना छीलने के लिए खेतों पर गई थी। आरोप है कि खेत में मौजूद दूसरे वर्ग के एक युवक ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें बदनीयती से खेत में खींचने का प्रयास करते हुए अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों महिलाओं को सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया। घटना को लेकर गांव में दो वर्गों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिसकी सूचना पर इंस्पेक्टर ककरौली मुकेश सोलंकी टीम के साथ गांव में पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित ग्रामीणों को शांत किया। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। महिला के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। उधर, गांव में तनाव की स्थिति के चलते फोर्स तैनात कर दी गई है। इंस्पेक्टर दीपक सोलंकी का कहना है कि घटना की तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।