सहायक अभियंता राजस्व के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई को कोतवाली पहुंचे विद्युतकर्मी
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। परिचित को नया कनेक्शन दिलाने के लिए एक्सईएन कार्यालय पहुंचे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जनपद स्तर के एक पदाधिकारी पर निगम के सहायक अभियंता (राजस्व) के साथ गाली गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित अधिकारी के साथ कोतवाली पहुंचे विद्युतकर्मियों ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है।
बुधवार को विद्युत निगम के सहायक अभियंता (राजस्व) विकार अहमद विद्युतकर्मियों के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के एक पदाधिकारी पर गाली गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। विकार अहमद ने पुलिस को बताया कि उक्त पदाधिकारी अपने किसी परिचित के तीन किलोवाट के व्यावसायिक कनेक्शन के लिए आवेदन करने के लिए सांपला रोड स्थित कार्यालय पहुंचा था। आरोप है कि जब उन्होंने उक्त मामला जेई से संबंधित होना बताया तो वह गाली गलौज करने लगा। इतना ही नहीं विरोध करने पर मारपीट भी की गई। शोर मचाने पर वहां पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने बीच बचाव कराया। विद्युत कर्मियों ने पुलिस ने मारपीट के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।