मुजफ्फरनगर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का एलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चितौड़ ने कहा कि 24 अक्तूबर को मोरना स्थित महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर की सभा होगी, जिसमें विधानसभा चुनाव का विजन और जनहित से जुड़े मुद्दे जनता के सामने रखे जाएंगे।
शनिवार को रुड़की रोड स्थित रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारियों में जुटी है। उन्होंने चरथावल विधानसभा सीट से रंजनवीर सिंह, मीरापुर से राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र कुमार भाटी और पुरकाजी से विनय रतन को प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी दी।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चितौड़ ने कहा कि आजादी के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में अपेक्षित काम नहीं हुआ है। उनके अनुसार, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी है।
उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। कहा कि हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं चिंता का विषय हैं।
राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र कुमार भाटी ने कहा कि वंचित समाज आजाद समाज पार्टी की ओर उम्मीद से देख रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। मंडल प्रभारी मेजर जोगिंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष दिनेश बावरा, कुलदीप मलिक, रजत निठारिया, दीपक राणा और अमित राणा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।