स्कूल-कॉलेज खुलते ही बढ़ा मनचलों का उत्पात
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण में कमी आने के बाद स्कूल-कॉलेज खुलने के साथ ही शहर क्षेत्र में मनचले व असामाजिक तत्व सक्रिय हो गए हैं। महिला थाना पुलिस व एंटी रोमियो स्क्वॉड की निष्क्रियता के चलते स्कूल-कॉलेजों में आते-जाते समय छात्राओं से छेड़छाड़ आम हो चली है। हालात किस कदर खराब हैं, इसका पता इसी से चलता है कि एक कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या को थाने में शिकायत कर मनचलों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगानी पड़ गई है।
नई मंडी थाना क्षेत्र में स्थित एक कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या ने थाना पुलिस को लिखित शिकायत कर बताया कि पिछले कुछ समय से कॉलेज के आसपास मनचले और असामाजिक तत्व सक्रिय हो गए हैं। ये युवक रोजाना स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय कॉलेज के आसपास मंडराते हुए कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहे हैं। छात्राएं विरोध करती हैं तो उनके साथ बदसलूकी की जाती है। स्कूल प्रधानाचार्या का कहना है कि पिछले कई दिन से इस संबंध में छात्राओं द्वारा उनसे शिकायत की जा रही है, जिसके बाद उन्होंने स्कूल के आसपास शिक्षकों की ड्यूटी लगाई, लेकिन इससे कोई फायदा नहीं हुआ और मनचलों ने स्कूल से कुछ दूरी पर खड़े होकर हरकतें शुरू कर दीं। स्कूल प्रधानाचार्या ने थाना पुलिस से इन मनचलों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कार्रवाई न होने पर कभी भी कोई अप्रिय घटना होने का अंदेशा भी जताया है।
परिजनों ने पकड़े थे बेटियों से छेड़खानी करते मनचले
महिला थाना पुलिस व एंटी रोमियो स्क्वॉड की शहर क्षेत्र में निष्क्रियता के चलते बेटियों की सुरक्षा के लिए परिजनों को सामने आना पड़ रहा है। चार दिन पूर्व ही स्कूल जातीं अपनी दो बेटियों की सुरक्षा के लिए परिजनों ने उनसे लगातार छेड़छाड़ कर रहे दो मनचलों को शहर के नॉवल्टी चौक पर पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।
महिला थाना व एंटी रोमियो स्क्वॉड हैं पूरी तरह निष्क्रिय
शहर के महिला थाने में तीन महिला उपनिरीक्षकों की टीम इसके लिए है, जो इस तरह के मामलों में कार्रवाई करती है। पिछले कुछ समय से यह टीम शहर क्षेत्र से पूरी तरह से नदारद है, जिसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। हाल-फिलहाल टीम द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई भी नहीं की गई है। हालांकि यह बात ओर है कि महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संध्या वर्मा लगातार कार्रवाई करने के बड़े-बड़े दावे कर रहीं हैं। वहीं, एंटी रोमियो स्क्वॉड की टीम भी कोरोना काल के बाद से शहर क्षेत्र में सक्रिय नहीं है, जिसके चलते शहर क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रहीं हैं।
चार टीमों का किया है गठन
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि जनपद में इस तरह की हरकतें रोकने के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमें लगातार काम कर रहीं हैं, जिन्हें सोमवार से स्कूल टाइम में भी सक्रिय किया जाएगा। इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जांएगी। सोमवार से इन तत्वों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा।