जिले के अधिकारियों के साथ बैठक करते सेना के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
नुमाइश मैदान में 29 नवंबर से सेना भर्ती होगी। जिस कारण नुमाइश मैदान में 28 नवंबर से आठ दिसंबर तक कोई अन्य कार्यक्रम नहीं होगा। एडीएम वित्त ने सेना भर्ती तैयारी को लेकर कलक्ट्रेट में बैठक ली। ईओ को पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए गए। सात जिलों के युुवा सेना भर्ती रैली में शामिल होंगे।
जिला पंचायत के सभागार में हुई बैठक में एडीएम वित्त सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जिले के नुमाइश ग्राउंड में 29 नवंबर से आठ दिसंबर तक सात जनपदों की सेना भर्ती होना प्रस्तावित है। सेना भर्ती शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएगी। सेना भर्ती में अन्य जनपदों के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए कुछ विशेष व्यवस्थाएं रहेगी।
संबंधित विभाग उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। कहा कि सेना भर्ती में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग, पर्याप्त साफ सफाई, खाद्य पदार्थों की जांच निरंतर उक्त अवधि मेें किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रस्तावित सेना भर्ती की अवधि में नुमाइश मैदान में मंगलवार को लगने वाली साप्ताहिक पैंठ भी 28 नवंबर एवं पांच दिसंबर को नहीं लगाई जाएगी।
कर्नल रजनीश मेहता डायरेक्टर रिक्रूटमेंट सेना भर्ती कार्यालय मेरठ ने भी बैठक में अपने विचार रखे। कर्नल रजनीश मेहता ने बताया कि सात जनपदों, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, शामली, सहारनपुर, रामपुर एवं मुजफ्फरनगर के 64 हजार अभ्यार्थियों ने सेना भर्ती के लिए अपने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। प्रतिदिन लगभग पांच हजार की संख्या में अभ्यर्थी सेना भर्ती रैली में भाग लेने मुजफ्फरनगर में आएंगे। भर्ती रैली में शामिल होने के लिए इस बार आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। भर्ती संबंधी प्रक्रिया चौधरी चरण सिंह स्टेडियम एवं नुमाइश मैदान में कराई जाएंगी।