संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। दिवाली के दौरान आतिशबाजी, पटाखों के धुएं और मौसम में बदलाव के कारण वायु प्रदूषण बढ़ने से सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खासकर अस्थमा, सीओपीडी, एलर्जी और सांस की अन्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए प्रदूषित हवा नुकसानदायक साबित हो सकती है।
दिवाली पर पटाखों की गड़गड़ाहट और उनसे निकलने वाली गैस वातावरण में प्रदूषण पैदा कर रहे हैं। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ.योगेंद्र त्रिखा का कहना है कि पटाखों से निकलने वाले धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें फेफड़ों में पहुंचकर सांस की नलियों में सूजन और सिकुड़न पैदा कर सकती हैं। इससे खांसी, सीने में जकड़न, सांस फूलने और घरघराहट की समस्या बढ़ सकती है।
सांस और अस्थमा पीड़ित मरीज बिना चिकित्सकीय सलाह दवाएं बंद न करें।
सांस और अस्थमा रोगी इन बातों का रखें ध्यान।
पटाखे जलने के दौरान और धुएं का असर रहने तक घर के अंदर रहें।
बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। बाहर जाते समय मास्क पहनें।
अस्थमा के मरीज चिकित्सक के बताए इनहेलर का इस्तेमाल करें।
प्रदूषण अधिक होने पर सुबह की सैर, व्यायाम, दौड़ने से परहेज करें।
धुआं अधिक होने पर घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें।
वायु प्रदूषण से समस्या होने पर क्या करें।
गले में जलन और सांस लेते समय घरघराहट होने पर चिकित्सक से संपर्क करें।
सीने में जकड़न और सांस फूलने की समस्या बढ़ने पर तत्काल जांच कराएं।
अस्थमा का दौरा पड़ने पर डॉक्टर के बताए कार्य योजना पर अमल करें।