आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आज से करेंगी पोषाहार का वितरण
मुजफ्फरनगर। जिले के सभी 2274 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बुधवार यानि आज से पोषाहार का वितरण होगा। बच्चों और गर्भवती महिलाओं के साथ इस बार स्कूल नहीं जाने वाली 11 से 14 साल की बालिकाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोषाहार का वितरण करेगी।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि जनपद में संचालित समस्त 2274 आंगनबाड़ी केंद्रों पर छह माह से तीन वर्ष एवं तीन वर्ष से छह वर्ष के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषाहार वितरित होगा। इस बार 11 से 14 वर्ष की विद्यालय न जाने वाली किशोरी बालिकाओं को घर-घर जाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषाहार का वितरण किया जाएगा। लॉकडाउन के दौरान भी पोषाहार का वितरण घर-घर जाकर करने के पीछे सरकार का उद्देश्य लाभार्थियों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखना है। पोषाहार के लिए प्रत्येक ब्लाक के लिए तिथि घोषित की गई है। जानसठ ब्लाक में छह से नौ मई तक, पुरकाजी में आठ से 13 मई तक, सदर में 11 से 15 मई तक, बघरा में नौ मई से 14 मई तक, चरथावल में छह मई से नौ मई तक, खतौली में 11 से 15 मई तक, मोरना ब्लाक में 12 से 16 मई तक, बुढ़ाना में 11 से 15 मई तक, शाहपुर में 11 से 15 मई तक, शहर में 12 से 16 मई तक पोषाहार वितरण का रोस्टर जारी किया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं लाभार्थियों को मुंह ढंकने के लिए अनिवार्य रूप से कहा गया है। प्रत्येक घंटे मे कम से कम 20 सेकेंड तक साबुन से हाथ धोया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषाहार वितरण के दौरान लाभार्थियों के परिवार के सदस्यों को आरोग्य सेतु एप के बारे में भी बताया जाएगा।