जानसठ में करंट से झुलसकर मरने वाले मृतक शाबयान का फाइल फोटो। स्रोतः परिजन
जानसठ। कस्बे के मोहल्ला सराय तुलसीराम में गली से गुजर रहा सात साल का शाबयान पैर फिसल जाने के कारण तीन फीट नीचे रखे ट्रांसफार्मर पर जा गिरा। करंट की चपेट में आकर झुलस जाने से बच्चे की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने विद्युत अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, विद्युत ट्रांसफार्मर हटवाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की।
मौके पर पहुंचे एसडीएम राजकुमार भारती एवं सीओ रुपाली राय ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। दो मोहल्लों में बिजली आपूर्ति के लिए मुस्लिम बस्ती के पास ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। पिछले कुछ सालों में कच्चे रास्ते का मिट्टी से भराव होने से गली की ऊंची अधिक हो गई और ट्रांसफार्मर गली के पास करीब तीन-चार फीट नीचे ही रखा हुआ है।
बृहस्पतिवार दोपहर शाहनवाज का सात वर्षीय पुत्र शाबयान अपने घर बाहर निकला तो कच्चे रास्ते पर उसका पैर फिसल गया। मासूम ट्रांसफार्मर पर जा गिरा। बच्चों ने शोर मचाया तो हादसे की जानकारी मिली।
बस्ती के लोग करंट से झुलसे शाबयान को लेकर अस्पताल में पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने शव को बस्ती में घर के सामने रखकर हंगामा खड़ा कर दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ़ आबिद हुसैन, आशु मलिक, सभासद गुलफाम, मोहम्मद अहसान, धर्मेश सैनी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम राजकुमार भारती व सीओ रुपाली राव ने लोगों को समझा-बुझाकर आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।