मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली पुलिस की बुधवार को पिकअप सवार अंतरराज्यीय पशु चोरों के साथ सिसौना-बागोवाली मार्ग पर मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक शातिर आसू उर्फ आस मोहम्मद पुत्र जरीफ पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने पिकअप में दो भैंस और एक लुवारा बरामद किया है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर मंडी कोतवाली के एसओजी टीम प्रभारी सुशील कुमार, मनेंद्र सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ यह मुठभेड़ हुई। पुलिस टीम को एक बदमाश तो चकमा देकर जंगल में जा घुसा, जबकि दूसरा पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे एक तमंचा, कारतूस बरामद हुए। पिकअप से दो भैंस व एक लुवारा भी बरामद हुआ। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सुरक्षा के मद्देनजर दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए है।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: मां को लहूलुहान हालत में देख निकली बेटे की चीख, वारदात से हर तरफ दहशत, देखिए मर्डर की खौफनाक तस्वीरें
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश मूल रूप से शामली के कस्बा कैराना का निवासी है। वर्तमान में शहर कोतवाली के खालापार में नूर मस्जिद के पास रह रहा था। उसके साथी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार बदमाश आसू उर्फ आस मोहम्मद अंतरराज्यीय पशु चोर है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।