गबन की धनराशि सचिव-प्रशासक से आधी आधी वसूली जाएगी
मुजफ्फरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले ग्राम पंचायतों में प्रशासक और ग्राम सचिव द्वारा करोड़ों के गबन के मामले में जिले के 46 गांवों की जांच में केवल चार गांवों में ही धन का दुरुपयोग पकड़ा गया है। इन गांवों के तीनों सचिवों को निलंबित किया गया है। पांच गांवों में अनियमितता पकड़ी है, जिनके पंचायत सचिवों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। केवल बुढ़ाना एसडीएम ही चार गांवों का गोलमाल पकड़ पाए हैं। दुरुपयोग की गई धनराशि संबंधित ग्राम पंचायत सचिव और प्रशासक से आधी-आधी वसूली जाएगी।
शाहपुर ब्लाक के गांव गोयला, शौरो, पलड़ी कल्याणपुर में धन का दुरुपयोग सामने आया है। इसमें गोयला में पांच लाख 49 हजार 705 रुपये का गड़बडझाला पकड़ा गया। शौरो में पांच लाख 15 हजार 721 रुपये, पलड़ी में 46 हजार 350 रुपये, ग्राम पंचायत कल्याणपुर में 95 हजार 900 रुपये का दुरुपयोग सामने आया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने इन गांवों के पंचायत सचिव अश्वनी कुमार, सुनील कुमार, फैसल अली को निलंबित कर दिया है। दुरुपयोग की गई धनराशि संबंधित ग्राम पंचायत सचिव और प्रशासक से आधी-आधी वसूली जाएगी। इसके अलावा ग्राम पंचायत काकड़ा, खतौली देहात, हुसैनपुर बोपाडा, शेखपुरा, सराय रसूलपुर में कार्य तकनीकि दृष्टिकोण से नियम विरुद्ध पाए गए। इन गांवों के पंचायत सचिवों चित्रांश बालियान, दीपक ध्रुव, विजय शेखर, संजीव कुमार, जितेंद्र कुमार, किरणपाल को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। शाहपुर ब्लाक के प्रशासक सुधीर गुप्ता और बुढ़ाना ब्लाक के प्रशासक अनंगपाल सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।