फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Muzaffarnagar News: हंगामे के बीच सुधार के लिए एक महीने का अल्टीमेटम

विज्ञापन
जिला पंचायत सभागार में बोलते भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत : संवाद
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड के छह गांव की प्रदूषित आबोहवा को लेकर दो घंटे तक मंथन चलता रहा। किसानों, उद्यमियों और प्रशासन ने अपना-अपना पक्ष रखा। किसानों ने एलान कर दिया कि कूड़ा नहीं जलने दिया जाएगा। हंगामे के बीच उद्यमियों ने सुधार का भरोसा दिया, जिसके बाद एक महीने का अल्टीमेटम दिया गया। दो फरवरी को दोबारा समीक्षा बैठक होगी।
विज्ञापन

जिला पंचायत सभागार में एडीएम प्रशासन संजय कुमार की अध्यक्षता में सभा हुई। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत और गठवाला खाप के थांबेदार रविंद्र मलिक के साथ ग्रामीण पहुंचे। यूपी पेपर मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व चेयरमैन पंकज अग्रवाल और आईआईए के पूर्व अध्यक्ष विपुल भटनागर के साथ उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ।
पहले क्षेत्र के किसानों ने प्रदूषित हवा, पानी और सड़कों की स्थिति का हवाला दिया गया। दिल्ली से लाए जा रहे कूड़े पर आपत्ति जताई। क्षेत्र में फैल रही कैंसर, सांस, हेपेटाइटिस बीमारी की जानकारी रखी गई। उद्यमियों ने सरकार की अनुमति और मानकों का हवाला दिया।
विज्ञापन

कूड़ा जलाने को लेकर हंगामा शुरू हो गया। उद्यमियों ने कहा कि वह सरकार की अनुमति से आरडीएफ जलाया जा रहा है। काफी देर तक गहमागहमी रही। भाकियू प्रवक्ता ने एलान कर दिया कि कूड़ा नहीं जलने दिया जाएगा।
इसके बाद उद्यमी अमित गर्ग ने एक महीने का समय दिए जाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सहमति बन गई। पीड़ित गांव के लोगों की कमेटी बनाई जाएगी और प्रशासन, उद्यमी और किसानों की ओर से सुधार की निगरानी होगी। दो फरवरी को दोबारा जिला पंचायत सभागार में बैठक होगी।
-
कान खोलकर सुन लो कूड़ा नहीं जलेगा : टिकैत
फोटो
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि पन्नी, कचरा और कूड़ा फैक्टरियों में नहीं जलने दिया जाएगा। ग्रीन और क्लीन मुजफ्फरनगर के लिए अभियान चलेगा। फैक्टरी चले या नहीं चले लेकिन कचरा नहीं जलने दिया जाएगा। गांव अपनी जगह ही आबाद रहेंगे। अगर कूड़ा लेकर कोई वाहन जिले में आया तो उसे डीएम-एसएसपी की अनुमति पर्ची दिखानी होगी। कूड़े का ट्रक एसएसपी ऑफिस तक लाने से भी किसान पीछे नहीं हटेंगे, इसकी सही जांच होनी चाहिए।

वापस जाएंगे खराब ट्रक, जलेगा आरडीएफ : अग्रवाल
फोटो
यूपी पेपर मिल एसोसिएशन के चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने कहा कि उद्यमी कानून का पालन करेंगे। आरडीएफ की अनुमति सरकार ने दी है। अगर कोई उद्यमी कानून का उल्लंघन करता है तो उस पर भी कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। कूड़ा लेकर आने वाले ट्रक वापस भेजे जाएंगे। उद्यमियों की ओर से नियमों का उल्लंघन नहीं होगा लेकिन दबाव सहन नहीं किया जा सकता। इस तरह के माहौल में फैक्टरी का संचालन कैसे होगा। एक महीने का समय तय किया गया है।

इन गांव के लोग हुए शामिल
भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने बताया कि सभा में तिगरी, भंडूरा, जट मुझेड़ा, चांदपुर, मखियाली और सिकरेड़ा गांव के लोग शामिल हुए। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी एकजुट कर भविष्य के लिए रणनीति बनाई जाएगी। भाकियू के मीडिया प्रभारी हेमेंद्र कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने भी ग्रामीणों की समस्या रखी।

सांस से लेकर कैंसर तक खूब छलका दर्द
जिला पंचायत सभागार में पीड़ित क्षेत्र के लोगों का दर्द खूब छलका। चांदपुर गांव के अरविंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, मखियाली के भोपाल सिंह, भंडूरा के प्रसन्न कुमार, जितेंद्र कुमार ने क्षेत्र की प्रदूषित हवा और पानी का मुद्दा उठाया। कैंसर और हेपेटाइटिस के मरीजों का सर्वे करानी की मांग रखी। पुलिस-प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया।

नियम तोड़े गए तो फैक्टरी पर कार्यवाही : एडीएम
एडीएम प्रशासन संजय वर्मा ने कहा कि कानून के दायरे में उद्योगों का संचालन करना होगा। प्रतिबंधित कचरा और मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। यह किसी एक व्यक्ति या गांव का सवाल नहीं है, बल्कि जनसमुदाय के स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता कुंवर संतोष कुमार, उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त आशीष कुमार मौजूद रहे।
विज्ञापन

-
भोपा रोड पर इस तरह किया जाएगा सुधार

- फैक्टरियों के बाहर टाइल्स लगेंगी। धूल नहीं उड़ने दी जाएगी।
- जरूरत के हिसाब से सड़कों का निर्माण भी कराया जाएगा।
- भोपा रोड पर सड़कों पर वाहन नहीं खड़े होने दिए जाएंगे।
- हादसे रोकने के लिए किनारों की सफाई का कार्य किया जाएगा।
- प्रतिबंधित कचरे के ट्रक उद्यमी खुद वापस भेज देंगे।
- निगरानी के लिए उद्यमियों और कर्मचारियों की टीम बनेगी।
- क्षेत्र से जुड़े नालों की सफाई कराई जाएगी।
- संबंधित गांव में आरओ लगवाने की मांग भी रखी गई।
- सब मिलकर ग्रीन और क्लीन मुजफ्फरनगर के लिए काम करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें