जिला चिकित्सालय में टीकाकरण करती स्वस्थकर्मी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। कोरोना से बचाव के लिए सबको अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बच्चों का टीकाकरण जल्द ही शुरू होने वाला है, ऐसे में बड़ों को जागरूकता का परिचय देना होगा। केंद्रों की जानकारी रखें, समय पर पंजीकरण कराएं और टीकाकरण कराएं।
भाजपा के पूर्व विधायक अशोक कंसल का कहना है कि टीके ने ही बीमारी पर नियंत्रण करने में अहम भूमिका निभाई है। तीसरी लहर का जिले में असर देखने को नहीं मिला। सरकार बच्चों के टीकाकरण की तैयारी कर रही है।
मुफ्ती जुल्फिकार का कहना है कि टीका सबके लिए जरूरी है। बच्चों को बीमारी से बचाने के लिए सबको साझा प्रयास करना होगा। टीकाकरण केंद्रों पर बच्चों को ले जाने में जागरूकता दिखाएं। टीके से किसी तरह का नुकसान नहीं है।
चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश मलिक ने बताया कि टीका एक सुरक्षा चक्र है। सरकार ने जो आयु वर्ग निर्धारित किए हैं, उनके हिसाब से सभी लोगों को टीकाकरण कराना चाहिए। बच्चों को लेकर जागरूकता बरतने की जरूरत है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर का कहना है कि टीके ने तीसरी लहर को रोकने का काम किया है। युवाओं की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास के लोगों को जागरूक करें। टीकाकरण सबसे अहम है।