मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल चौराहे पर दो सगी बहनों ने दो युवकों की जमकर पिटाई की। आरोप था कि युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ व मारपीट की थी। दोनों आरोपी पुलिस को सौंप दिए गए।
बृहस्पतिवार दोपहर दो सगी बहन अस्पताल चौराहे पर खड़ी थीं। इसी दौरान उन्होंने दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान भीड़ एकत्र हो गई। युवतियों ने युवकों पर छेड़छाड व मारपीट का आरोप लगाया। बताया कि आरोपी उनका रिश्तेदार है और वह पूर्व समय में भी उसे अपहरण की धमकी दे चुका है। इसके बाद भीड़ ने भी युवकों की पिटाई की। मामले की जानकारी पाकर अस्पताल चौराहे पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवकों को थाने ले गए। पकड़े गए आरोपी तुगलकपुर कम्हेडा पुरकाजी निवासी है।
उन्होंने आरोपों को झूठा बताया। थाना पुलिस ने बताया कि युवतियों की बड़ी बहन एक आरोपी युवक की भाभी है। दंपती में विवाद चल रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को तहरीर दी है।