देवबंद (सहारनपुर)। लखनौती गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर ग्राम प्रधान पर प्रधानमंत्री योजना के तहत शौचालय बनवाने के नाम पर सरकारी धन गबन करने का आरोप लगाया है।
लखनौती निवासी कान सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया उनके घर में शौचालय नहीं है। आरोप है कि जब उसने ग्राम प्रधान से प्रधानमंत्री योजना में शौचालय बनवाने को कहा तो प्रधान ने इससे इंकार कर दिया। कान सिंह आरोप यह भी है कि जब उसने आरटीआई के तहत ग्राम प्रधान से शौचालयों के संबंध में जानकारी मांगी तो उसमें उसके तथा पत्नी के नाम पर अलग अलग शौचालयों का निर्माण दिखाया। जबकि आज तक उसके यहां कोई शौचालय बना ही नहीं है। उन्होंने पत्र में कहा कि कई बार वह इस संबंध में अधिकारियों से लिखित में भी शिकायत की, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, ग्राम प्रधान सोनिया के प्रतिनिधि सोमपाल ने कहा राजनीति के तहत उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है। बिना भेदभाव के गांव में विकास कार्य कराए जा रहे हैं।